बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र की राधिका एन्क्लेव कालोनी में बुलेट से पटाखे छोड़ने के विरोध में आरोपी युवक पक्ष ने पीड़ित पक्ष के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात में राधिका एन्क्लेव कालोनी निवासी पीड़ित अनुपम चौधरी ने तहरीर देकर बताया कि 25 जुलाई की रात पड़ोसी सोनू तेवतिया, अपने रिश्तेदार दीपक और नितिन के साथ मिलकर बुलेट बाइक से पटाखों की तेज आवाज निकाल रहा था। पीड़ित ने अपने घर में हृदय रोगी होने का हवाला देते हुए आरोपियों से उक्त हरकत करने के लिए मना किया।
आरोप है कि इसके चलते आरोपी सोनू तेवतिया, दीपक, नितिन व अन्य अज्ञात आरोपी उनके घर में लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार लेकर घुस आए। आरोपियों ने पीड़ित की पत्नी अंजू और पुत्र गगन दीप पर हमला कर दिया। मां-बेटे को बुरी तरह पीटा। इससे उनको गंभीर चोटें आई हैं। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
आरोपियों पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। देहात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।