बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी सहायक अध्यापिका ने अपने ससुराल वालों पर उसकी तनख्वाह के 30 लाख रुपये हड़पने व तनख्वाह पर लोन कराने का आरोप लगाया है। साथ ही पीड़िता ने बताया कि आरोपी पति दूसरी शादी करना चाहता है, इसके लिए आरोपी पीड़िता पर सहमति देने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर आरोपी पति व अन्य ससुराल वालों ने उसकी हत्या की कोशिश की है। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में रामा एन्क्लेव निवासी पीड़िता ईशा सिंह राजौरा ने तहरीर देकर बताया कि उसके पति राजेंद्र सिंह, सास राजबाला, ननद रचना धामा एवं रश्मि मलिक द्वारा कई सालों से उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। वर्ष 2018 में उसे जान से मारने की नीयत से कार से एक्सीडेंट कराया गया, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं। वर्ष 2019 में उसकी बुरी तरह पिटाई की गई, जिससे उसका दांत टूट गया। वर्ष 2015 से लेकर 2023 तक उसके सहायक अध्यापक के पद का 30 लाख रुपये से अधिक का वेतन जान से मारने की धमकी एवं मारपीट देकर छीन लिया गया। उसके वेतन पर 9.76 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया गया।
इसके बाद एक ननद की शादी में कार देने के लिए उसके खाते से 87 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। अब बीते दो माह से आरोपी पति द्वारा दूसरी शादी की सहमति न देने पर शराब पीकर मारपीट की जा रही है। उसकी हत्या की धमकी दी जा रही है। ऐसे में उसे अपनी एवं तीन पुत्रियों की जानमाल को खतरा बना हुआ है। नगर पुलिस ने मामले में पति समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले में नगर पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।