बुलंदशहर। जिले में हाईस्कूल की इंप्रूवमेंट और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा शनिवार को दो पालियों में होगी। परीक्षा कड़ी निगरानी और शांतिपूर्वक कराने के लिए विभाग की ओर से तैयारी कर ली गई है। वहीं, विद्यालयों में सीटिंग प्लान समेत अन्य तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। परीक्षा में 1,212 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड की मार्च-अप्रैल में आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में किन्हीं कारणों से एक-दो विषय में अनुत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए इंप्रवूमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा देने का मौका दिया गया है। परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और मुस्लिम इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। हाईस्कूल इंप्रूवमेंट परीक्षा सुबह 8 बजे से 11:15 तक चलेगी।
इंटर की कंपार्टमेंट परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 तक चलेगी। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश पत्र और पेन के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी तरह की अनुचित सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। परीक्षा पर विभागीय अधिकारियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की भी नजर रहेगी। डीआईओएस ने इंप्रवूमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने का आह्वान किया है।