अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए 946 ग्राम पंचायतों पर रहेगी पुलिस की नजर
बुलंदशहर। अलीगढ़ जिले में जहरीली शराब से लोगों की मौत के बाद अब जिले में भी अवैध रूप से शराब की बिक्री को रोकने के लिए योजना तैयार की गई है। डीएम और एसएसपी ने सोमवार रात अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए गांवों में अवैध रूप से शराब की बिक्त्रस्ी रोकने के लिए सिपाहियों की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि जनपद की सभी 946 ग्राम पंचायतों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही प्रत्येक शराब ठेके पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए हैं।
ठेकों पर शराब खरीदने वाले का नाम किया जाएगा अंकित
सोमवार रात डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने जिला पंचायत सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि जिले में अवैध रूप से शराब की आवक व बिक्री दोनों को प्रभावी रूप से रोकने के लिए कदम उठाएं। जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी शराब के ठेकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्रवाई की जाए। इसके अलावा दुकानों पर रजिस्टर तैयार कराते हुए आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मानक के अनुसार शराब खरीदने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर एवं पता रजिस्टर में दर्ज कराया जाए।
48 घंटे में नहीं बना रजिस्टर तो होगी कार्रवाई
डीएम ने 48 घंटे में रजिस्टर तैयार न करने वाले ठेका संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। आबकारी विभाग के निरीक्षक एवं सिपाही जो कई वर्षों से एक ही क्षेत्र में तैनात हैं उन्हें भी तत्काल अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने के आदेश दिए। साथ ही अवैध रूप से शराब की बिक्री होने पर संबंधित क्षेत्र के बीट सिपाही, चौकी इंचार्ज चौकीदार, लेखपाल को निलंबन के साथ प्रतिकूल प्रविष्टि एवं अनिवार्य रूप से रिटायरमेंट की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गांवों में चलाएं अभियान, सिपाही की ड्यूटी करें तय
डीएम ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बीट सिपाही को लिखित आदेशों के अंतर्गत गांव का आवंटन करें। गांव में किसी भी दुकान या घर में अवैध रूप से शराब की बिक्री होने की स्थिति में छापा मारकर सख्त कार्रवाई करें। अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश करें। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने आदेश दिए कि पूर्व में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों की मॉनीटरिंग कराते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई करें।
बीबीनगर, सिकंदराबाद और खुर्जा के बॉर्डर क्षेत्र पर पहरा होगा सख्त
जनपद के बीबीनगर, सिकंदराबाद, खुर्जा क्षेत्र गैर जनपदों की सीमा से सटे हुए हैं। जहां से गैर प्रांतों की शराब की तस्करी जिले में की जाती है। इन क्षेत्रों से पुलिस ने तस्करी को रोकने के लिए सीमाओं पर सख्त पहरा लगाने की कवायद शुरू कर दी है। इसके अलावा इन क्षेत्रों के आसपास और मुख्य रूप से गंगा खादर क्षेत्र में पूर्व में भट्टियां संचालित होती पाई र्गइं थीं, हालांकि वर्तमान में यह भठ्ठियां बंद पड़ी हुई हैं। पुलिस की पैनी नजर इन क्षेत्रों पर है।
दस साल से ठेका संचालित कर लोगों की मांगी गई है सूची
जनपद में अवैध शराब का काला कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सबसे पहले आबकारी विभाग से ऐसे लोगों की लिस्ट मांगी गई है जो पिछले 10 साल से शराब के ठेके संचालित करते आए हैं और वर्तमान में उनके पास कोई ठेका नहीं है। ऐसे लोगों पर पैनी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा जिलाधिकारी स्तर पर सहमति से यह भी तय हुआ है कि यदि किसी गांव का चौकीदार सूचना नहीं देता है तो संबंधित की चौकीदारी समाप्त कराई जाएगी। साथ ही सभी 946 ग्राम पंचायतों में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जिसकी कार्ययोजना बनाई जा रही है।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी