खुर्जा के धमरावाली गांव में हॉट मिक्स प्लांट का निरीक्षण करते प्रशासनिक अधिकारी। स्रोत: प्रशासन
बुलंदशहर/खुर्जा। गांव धमरावली में प्रशासन व प्रदूषण विभाग की टीम ने हॉट मिक्स प्लांट का निरीक्षण किया। जो शिकायत मिलने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व के निर्देश पर किया गया। इस दौरान चिमनी से काला धुंआ निकलने व वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण न लगे होने पर प्लांट के गियर बॉक्स मोटर को सील कर संचालन बंद रखने के निर्देश दिए।
तहसील सदर क्षेत्र के खुर्जा रोड स्थित गांव धमरावली में मेसर्स कृष्णा सिविकॉम प्राइवेट लिमिटेड के हॉट मिक्स प्लांट को लेकर पिछले दिनों एडीएम वित्त एवं राजस्व को शिकायत मिली। शिकायत को संज्ञान में लेकर एक संयुक्त प्रवर्तन दल का गठन किया गया, जिसमें नायब तहसीलदार सदर निरंजन सिंह व उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अवर अभियंता रविरंजन को संयुक्त स्थलीय जांच के लिए भेजा गया। जेई रविरंजन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान हॉट मिक्स प्लांट संचालित मिला और प्लांट की चिमनी से अत्यधिक काला धुआं वातावरण को प्रदूषित करते मिला। इसके लिए कोई भी वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगा हुआ नहीं मिला। न ही संचालक के पास विभाग की एनओसी मिली।
बिना अनुमति के वायु प्रदूषण फैलाने पर हॉट मिक्स प्लांट के ऑपरेटर रणदीप व छितर सिंह की मौजूदगी में मुख्य गियर बॉक्स की मोटर को तार व सीलिंग धातु से सील किया गया। साथ ही प्लांट संचालक को अग्रिम आदेश तक प्लांट का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
कोट
एडीएम वित्त एवं राजस्व के निर्देश पर टीम को भेजकर अवैध हॉट मिक्स प्लांट के गियर बॉक्स को सील करने की कार्रवाई की गई। - अंगद यादव, सदर एसडीएम