बुलंदशहर। नगर में ई-रिक्शा चालकों से अवैध उगाही की शिकायत मिलने पर नगर पुलिस ने एक आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से उगाही के लिए इस्तेमाल की जा रही रसीद बुक बरामद की गई। साथ ही पूछताछ में आरोपी ने ठेकेदार एहसान की ओर से उगाही करना बताया। पुलिस ने एहसान समेत पकड़े गए आरोपी का चालान कर दिया है।
उपनिरीक्षक परवेज चौधरी ने नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 16 मार्च को वह खालसा तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान कुछ ई-रिक्शा चालकों ने आकर अवैध वसूली किए जाने की जानकारी दी। आरोप है कि रुपये न देने पर ई-रिक्शा जमा कराने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस सूचना पर उपनिरीक्षक ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ नुमाइश फ्लाईओवर के नीचे से एक व्यक्ति नाजिम निवासी प्रेमनगर कोतवाली नगर को पकड़ लिया। उसके पास से नकदी, मोबाइल फोन, रसीद बुक आदि सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसको रसीद बुक आरोपी एहसान निवासी मिर्चीटोला कोतवाली नगर ने चालकों से अवैध वसूली के लिए दी है। रुपये जमा करने के बाद ठेकेदार एहसान की ओर से नई रसीद बुक दी जाती है। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी नाजिम का चालान कर दिया है, जबकि दूसरा आरोपी एहसान ठेकेदार फरार बताया जा रहा है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि नगर पुलिस को अवैध वसूली करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।