बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को उसके गांव का ही एक युवक शादी न करने पर हत्या की धमकी दे रहा है। आरोपी गैर समुदाय का है। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक मैसेज और फोटो भेजकर उनकी पुत्री को परेशान कर रहा है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री को गांव का ही आरोपी शाहनवाज परेशान कर रहा है। आरोपी फोन कर उसकी पुत्री को परेशान करता है। जब भी उसकी पुत्री कहीं जाती है तो रास्ते में आरोपी उसके साथ छेड़छाड़ करता है। आरोपी युवक ने पुत्री को शादी न करने पर हत्या करने की धमकी दी है। पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि फेसबुक और व्हाट्सएप पर भी आरोपी युवक गलत मैसेज भेजकर उनकी पुत्री पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा है। आरोपी की हरकत से पीड़ित पुत्री और अन्य परिजन दहशत में है और उन्हें अनहोनी की आशंका बनी हुई है। देहात पुलिस ने आरोपी शाहनवाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि देहात पुलिस को मामले में जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।