जगह-जगह कूड़े के ढेर, नालों में पड़ी गंदगी, जर्जर सड़कें आदि। कुछ ऐसा ही हाल देखने को मिला वार्ड नंबर 26 का। वार्ड में न तो सफाई की व्यवस्था थी और न ही सड़कों का हाल ठीक था। पार्कों की स्थिति भी सभासद के दावों जैसी देखने को नहीं मिली। वार्ड में पथ प्रकाश की स्थिति अच्छी थी।
नगर पालिका वार्ड नंबर 26 के अंतर्गत नुमाइश फाटक से अंबा कॉलोनी तक, राजनगर, लक्ष्मी विहार, पल्लब विहार, सूर्य नगर, हरी एंक्लेव, पन्नी नगर, बालाजी नगर, अंबा कॉलोनी, गायत्री नगर, कृपाल आश्रम आदि क्षेत्र आते हैं। इन क्षेत्रों में सफाई-व्यवस्था का आलम बदहाल देखने को मिला।
वार्ड की अधिकांश सड़कों का हाल भी बदहाल मिला। वार्ड के अंतर्गत आने वाले पार्क भी सभासद के दावों के अनुसार नहीं मिले। वार्ड में जलभराव की समस्या मानसून आने पर मुंह चिढ़ाती है। हालांकि वार्ड में पथ प्रकाश की उचित व्यवस्था देखने को मिली। वार्ड में एलईडी लाइटों से लेकर हाईमास्क लाइट बड़ी संख्या में देखने को मिलीं।
वार्ड में पिछले पांच साल क्या 15 सालों से कोई खास काम नहीं किया गया। वार्ड में गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। वार्ड में सड़कें भी जर्जर अवस्था में हैं। जलभराव की समस्या रहती है।
मनीष कुमार
वार्ड में पिछले पांच साल में कोई खास काम नहीं हुआ। वार्ड में साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं है। पथ प्रकाश की व्यवस्था ठीक है, लेकिन वार्ड के अंतर्गत नाले गंदगी से अटे पड़े हैं।
छत्रपति सिंह