बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने पति के साथ नौकरी करने वाली एक अन्य महिला पर उनके नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि महिला उनके खिलाफ अफवाहें फैला रही है। पीड़िता की शिकायत पर थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात में यमुनापुरम काॅलोनी की अमृता तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया एक महिला उनके पति गौरव तेवतिया की पूर्व कंपनी में कार्य करती थी। उसने उनके नाम से फर्जी आईडी बनाई है। इसी फर्जी आईडी से उन्हें ब्लैकमेल किया जाता है।
आरोपी महिला फर्जी आईडी पर गलत एवं झूठी बातें पोस्ट करती है। इन फर्जी आईडी में उसका नाम, फोन नंबर, पता आदि सब कुछ पोस्ट किया जाता है। इससे उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हो रहाी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर साइबर टीम की मदद से मामले में जांच की जा रही है।
युवती के नाम से बनाई फर्जी आईडी
गुलावठी। नगर में एक युवक ने युवती के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नगर निवासी पीड़ित ने बताया कि उनकी तीन पुत्रियां हैं। उसके मोहल्ले के ही रहने वाले अर्जुन पाल ने उनकी पुत्री के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उस पर उसके घर का फोन नंबर डाल दिया, जिसके कारण उसके नंबर पर तरह-तरह की अनजान कॉल आने लगीं। जिसके कारण उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड रहा है। साथ ही पारिवारिक प्रतिष्ठा भी धूमिल हो रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।