अवैध संबंध के शक में पति ने अपने भाई के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर नहर में फेंक दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नहर से शव बरामद करते हुए दोनों को जेल भेज दिया है।
खुर्जा क्षेत्र के गांव बिजलीपुर निवासी पवन कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनकी बेटी करिश्मा की शादी जनवरी 2016 में सलेमपुर के गांव सदरपुर निवासी अमित के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी करिश्मा को प्रताड़ित करते थे।
आरोपियों से परेशान होकर पिछले दिनों करिश्मा मायके आ गई थी। 11 मई की शाम आरोपी पक्ष उनके पास पहुंचा और भविष्य में प्रताड़ित न करने की बात कहते हुए करिश्मा को अपने साथ उसके नंदोई के घर ले गए थे।
इसके बाद करिश्मा को फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। इसके बाद 12 मई को करिश्मा के पति अमित को फोन किया, लेकिन उन्होंने बेटी से बात नहीं कराई। जिसके बाद 13 मई को वह करिश्मा के नंदोई गांव मुकीमपुर निवासी मुकेश के घर पहुंचे। वहां भी करिश्मा नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अमित और उसके भाई सुनील को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने गला दबाकर करिश्मा की हत्या की बात स्वीकार ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली रोड स्थित नहर से करिश्मा का शव बरामद कर लिया। इसके बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए दोनों को जेल भेज दिया। वहीं अब मृतका के भाई लाखन सिंह ने अपनी बहन के ससुर और सास पर भी दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए एसपी देहात को शिकायत दी है। साथ ही मांग की है कि आरोपियों के नाम भी एफआइआर में शामिल किए जाएं।
हत्या के बाद कार से ले जाकर नहर में फेंका शव
पुलिस के मुताबिक अवैध संबंध के शक में आरोपी अमित और करिश्मा के बीच आए दिन झगड़े होते थे। 13 मई को करिश्मा को मायके से लाने के बाद दंपती के बीच फिर से झगड़ा हुआ तो अमित ने अपने भाई के साथ मिलकर करिश्मा की हत्या कर दी। इसके बाद पैर बांधे और शव को बोरी में भरकर एक कार में ले जाकर नहर में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।