संवाद न्यूज एजेंसी
शिकारपुर। थाना क्षेत्र के गांव मानपुर-शेखपुर के जंगल में बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने मानव खोपड़ी और कंकाल के अवशेष पड़े देखे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो अवशेष के पास में ही पड़ी एक साड़ी और ब्लाउज भी बरामद हुआ। पुलिस ने कंकाल के अवशेषों को इकट्ठा कर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका सैंपल लेकर डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा।
आशंका जताई जा रही है कि किसी महिला की हत्या कर शव को ज्वार के खेत में फेंक दिया गया है। घटना पुरानी होने के कारण शव पूरी तरह गल गया और अब उसके कंकाल के अवशेष ही बचे है। मामले में सीओ वरुण कुमार सिंह ने बताया कि बरामद मानव खोपड़ी और हड्डियों से सैंपल लेकर डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही जनपद के अलावा आसपास के जिलों से लापता लोगों के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। लापता लोगों के परिजनों से डीएनए सैंपल लिया जाएगा। दोनों सैंपल का मिलान होने पर ही शिनाख्त हो सकेगी और घटनाक्रम का पता चल सकेगा।