संवाद न्यूज एजेंसी
डिबाई। चोरों ने ग्रामीण सिविल न्यायालय परिसर और दि बार एसोसिएशन रूम के ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया।मामले की जानकारी मिलते ही बृहस्पतिवार को एसडीएम, सीओ समेत थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
ग्रामीण सिविल न्यायालय डिबाई में रीडर के पद पर तैनात अनूपशहर निवासी राजीव शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे वह व अन्य सभी कर्मचारी न्यायालय का ताला लगाकर अपने-अपने घर चले गए थे। पीड़ित का कहना है कि बृहस्पतिवार सुबह जब वह न्यायालय पहुंचे और ताला खोलने गए तो दरवाजे का कुंडा टूटा मिला। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो स्टेनो कक्ष में रखे इन्वर्टर, बैटरी और यूपीएस गायब था। जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल पुलिस को दी। उसी दौरान दि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लेखराज सिंह व सचिव रेवती प्रसाद ने बताया कि उनकी बार के भी ताले तोड़कर एलईडी चोरी कर ली गई है। मामले में रीडर और बार अध्यक्ष की ओर से तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, एसडीएम, सीओ व थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गहनता से जांच की। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।