नरौरा। नगर के मोहल्ला कर्मधर्म में मकानों के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर मकानों व मुख्य रास्ते पर गिर गया। हादसे में एक भैंस की मौत हो गई और कई घरों में लगे बिजली के उपकरण फुंक गए। इससे लोगों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
नगर के मोहल्ला कर्मधर्म में हाइटेंशन लाइन के तार आबादी क्षेत्र के ऊपर से गुजर रहे हैं। बुधवार को दोपहर में करीब एक बजे एचटी का तार टूटकर मकानों व रास्ते पर गिर गया। जिससे मोहल्ला निवासी कृष्ण कन्हैया यादव के घर के अंदर टीन शेड में बंधी उनकी भैंस की करंट से मौत हो गई। हादसा देख घर के अन्य लोग लकड़ी के तख्त पर चढ़ गए। तार मोहल्ले के मुख्य रास्ते पर भी गिरा था लेकिन, दोपहर होने के कारण कोई राहगीर नही था। एचटी का करंट एलटी लाइन में उतरने के कारण दो दर्जन से अधिक घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए। आबादी के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन के नीचे गार्डिंग भी नहीं थी। घटना के बाद गुस्साए लोग एचटी लाइन का तार नहीं जोड़ने का विरोध करते हुए लाइन को शिफ्ट कराने की मांग की। ऊर्जा निगम के एसडीओ संदीप कुमार व जेई प्रवीण कुमार ने लोगों को समझाकर जल्द जर्जर तारों को बदलवाने और लाइन के नीचे गार्डिंग कराने की बात कही।