फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईवे कांड: पैर पकड़े, बीमार होने का वास्ता दिया.. पर दरिंदों के आगे हार गई

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। 28 जुलाई 2016 की रात जब एक बदमाश ने कार से 14 वर्षीय किशोरी को बाहर खींचा और खेत में ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की तो वह गिड़गिड़ाने लगी। उसने बदमाश से कहा कि अंकल मुझे छोड़ दो। मेरी तबीयत ठीक नहीं है, लेकिन दरिंदे ने उसकी एक नहीं सुनी। पहले बदमाश ने उसकी जेब में रखे 10 रुपये निकालकर अपनी जेब में रखे और फिर दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर उसको पिता की हत्या करने की धमकी दी।
विज्ञापन

नेशनल हाईवे-91 पर दोस्तपुर फ्लाईओवर के निकट उस रात मां-बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और परिवार के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात पीड़ित किशोरी ने अपने बयान में सिलसिलेवार बताई थी। उसने बताया कि 28 जुलाई की रात वह अपने पिता और मां के साथ कार से शाहजहांपुर स्थित पैतृक घर जाने के लिए निकली थी। वहां उनके परिवार में तेरहवीं का कार्यक्रम था।
घर से निकलने के बाद वह गाजियाबाद में ही अपने ताऊ के यहां गए। वहां से कार में ताऊ, ताई व उनका बेटा भी सवार हो गए। कार पीड़िता के पिता चला रहे थे। देर रात करीब एक बजे सभी लोग खुर्जा हाईवे पर देहात कोतवाली क्षेत्र में पड़ने वाले दोस्तपुर फ्लाईओवर के निकट पहुंचे। तभी कार में कुछ टकराने की आवाज आई, लेकिन पिता ने कार नहीं रोकी।
विज्ञापन

कुछ सेकंड बाद फिर से कार में कुछ टकराने की आवाज आई। इस बार पीड़िता के पिता ने कार रोक दी और नीचे उतरकर जांच करने लगे कि कार में कोई खराबी तो नहीं। जैसे ही पीड़िता के पिता कार को चेक कर अंदर बैठने लगे तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। तमंचे के बल पर पीड़िता के पिता, ताऊ व भाई को कार से नीचे उतार लिया। पांच बदमाश उन्हें सड़क पार एक खेत में ले गए। वहां उनके हाथ-पांव बांधकर जमीन पर लेटा दिया।
इसके बाद दो अन्य बदमाश कार में सवार हुए। एक कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा और दूसरा उसके बराबर वाली सीट पर हाथ में टॉर्च व तमंचा लिए पीछे मुंह करके बैठा था। पीछे वाली सीट पर पीड़िता, उसकी मां व ताई बैठे हुए थे। पूछने पर बदमाशों ने कहा कि वह उन्हें भी अन्य परिजनों के पास ले जा रहे हैं। इसके बाद बदमाश कार को आगे से घुमा कर लाए और खेत की चकरोड पर खड़ी कर दी।
इसी दौरान एक बदमाश वहां आया। उसने पीड़िता को कार से नीचे उतारा और खेत में ले गया। वहां बदमाश ने पीड़िता के लोअर की जेब में रखे 10 रुपये निकाले और अपनी जेब में रख लिए। इसके बाद बदमाश पीड़िता के साथ गलत काम करने की कोशिश करने लगा। तभी एक अन्य बदमाश वहां आया और कहा कि यह बहुत छोटी है। इसे रहने दो। उसने पीड़िता को कार में ले जाकर बिठा दिया। एक अन्य बदमाश फिर से वहां आया और कार से उसकी मां को खींच कर खेत में ले गया। करीब 10 मिनट बाद मां वापस लौटी तो रो रही थी। उनके साथ दुष्कर्म किया गया था।
कुछ देर बाद वही बदमाश फिर कार में आया और पीड़िता को जबरन अपने साथ ले गया। उसे खेत में ले जाकर धमकाया और पीटा। पीड़िता उसके सामने गिडगिड़ाती और रोती रही। अपनी तबीयत खराब होने की बात भी कही, लेकिन बदमाश का दिल नहीं पसीजा। उसने कहा कि इस बारे में किसी को कुछ बताया या शोर मचाया तो उसके पिता की हत्या कर देगा। इसके बाद उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। तभी दूसरा बदमाश वहां पहुंचा और पीड़िता को छुड़ाया।
इसके बाद एक अन्य बदमाश उसकी मां को जबरन अपने साथ ले गया और कुछ देर बाद लाकर छोड़ दिया। पीड़िता, उसकी मां व ताई का रो-रो कर बुरा हाल था। फिर बदमाशों ने तीनोंं को कार से नीचे उतारा। ताई की साड़ी से तीनों के हाथ-पैर बांध कर कार ले जाने लगे, लेकिन कार फंसी होने के कारण नहीं ले जा सके। इसके बाद बदमाश लूटपाट कर चले गए। किसी तरह पीड़िता व उसकी मां ने अपने हाथ-पैर खोले और फिर सभी को बंधन मुक्त कराया।

बेटी के साथ सलीम ने और मां के साथ नरेश व एक अन्य ने किया था दुष्कर्म
सीबीआई ने गहनता से जांच की तो सामने आया कि किशोरी के साथ सलीम ने दुष्कर्म किया था। हालांकि, इस मामले में सजा सुनाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी है। किशोरी की मां के कपड़ों से मिले सीमन का सैंपल हरियाणा से गिरफ्तार किए गए नरेश के सीमन से मैच हुआ था। नरेश के अलावा एक अन्य बदमाश ने भी पीड़िता की मां के साथ दुष्कर्म किया था।

कार में छोड़ गए थे सभी के फोन
बदमाशों ने सभी को बंधक बनाने के बाद उनके मोबाइल फोन छीन लिए थे, जिन्हें बाद में कार में ही छोड़ दिया। हालांकि, पीड़िता के ताऊ के बेटे ने अपना फोन छिपाया हुआ था। बंधनमुक्त होने के बाद उसी फोन से उन्होंने डायल 100 पर कॉल की और कॉल न मिलने पर नोएडा में अपने एक पुलिस मित्र को फोन कर जानकारी दी। उस दोस्त ने कंट्रोल रूम बुलंदशहर को सूचना दी और तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची थी।

जुबैर बोला- फेमस कर दो, अच्छे से लेना फोटो और वीडियो
न्यायालय में सजा सुनाए जाने के बाद पांच में से चार दोषियों के चेहरे पर थोड़ी शिकन जरूर थी, लेकिन दोषी जुबैर के चेहरे पर पछतावे का कोई भाव नहीं दिखा। न्यायालय से बाहर निकलते वक्त वह मीडियाकर्मियों से बोला अच्छे से फोटो व वीडियो लेना, फेमस कर दो।

न्यायालय परिसर में सुरक्षा रही चाक-चौबंद
न्यायालय परिसर में शनिवार को हाईवे कांड के अभियुक्तों के खिलाफ फैसला सुनाए जाने की जानकारी होने पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। नगर कोतवाली पुलिस, पीएसी समेत कचहरी सुरक्षा के पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया था।

दोष सिद्ध होते ही लटक गए दोषियों के परिजनों के चेहरे
हाईवे कांड के अभियुक्तों को सजा सुनाए जाने के दौरान कुछ के परिजन भी न्यायालय पहुंचे थे। हरियाणा की जेल से आए एक अभियुक्त के परिवार की महिला न्यायालय के कक्ष के बाहर ही मौजूद थी। दोषी करार देते ही वह मायूस हो गई। बाद में पुलिस उन्हें वहां से अपने साथ लेकर चली गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें