हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से शहर के अधिकांश क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। शहर के चार मुख्य बिजलीघरों पर ब्रेकडाउन हो गया। देर रात तक बिजली आपूर्ति गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार शाम करीब पांच बजे भूड़ से आ रही हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गया। फाल्ट से शहर के यमुनापुरम बिजलीघर, अंसारी रोड बिजलीघर, भूड़ बिजलीघर और हाइडिल कालोनी बिजलीघर पर ब्रेकडाउन हो गया। देर रात करीब एक बजे फाल्ट सही होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
ब्रेकडाउन होने से लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी। वहीं बिजली कटौती की जानकारी न मिलने से लोग बिजलीघरों के चक्कर भी लगाते रहे। लेकिन कर्मचारी ठीक प्रकार से जानकारी भी नहीं दे रहे थे।
वहीं, बिजली कटौती का कारण और आने का समय पूछने के लिए यदि कंट्रोल रूम का फोन मिलाया जाए तो फोन भी नहीं उठते हैं। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि कंट्रोल रूम पर फोन मिलाते रहो, लेकिन फोन नहीं उठते हैं। लोगों कहा कि मामले की शिकायत विभाग के उच्चाधिकरियों से की जाएगी।