डिबाई में झमाझम बारिश से गली में इस तरह हुआ जलभराव। संवाद
बुलंदशहर/बुगरासी/अनूपशहर/डिबाई/सलेमपुर/बीबीनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। जिले में कहीं अधिक तो कहीं कम बारिश दर्ज की गई। बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। वहीं, किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है।
डिबाई क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश से मात्र आधे घंटे में ही बाजार में दो फूट तक पानी भर गया, नालें भी कुंड़े से भरें नजर आए। उधर, हाईवे पर जाम से महादेव चौराहे, पैंठ चौराहे पर लोग जाम से जूझते रहे। बारिश से पैंठ चौराहे से होली गेट, बांटा गली तक और महादेव चौराहे से बड़ा बाजार में दो से तीन फूट तक पानी भर गया। रेलवे रोड पर भी दुकानों में पानी भरा जिससे नालों की सफाई की भी पोल खोलकर रख दी है।
गोपाल लाल माहेश्वरी, राजीव अग्रवाल, प्रकाश राजपूत, अमित पापा आदि व्यापारियों में आक्रोश देखा गया। बताया कि काफी अरसे से दुकानदार बाजार में पानी भरने की समस्या निदान की मांग नगर पालिका परिषद के ईओ व अध्यक्ष से करते आ रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर अनूपशहर समेत जिले के अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई। साथ ही अधिकतर स्थानों पर यह बारिश बूंदाबांदी तक सीमित रही। जहां पर बारिश हुई वहां लोगों को जलभराव समेत कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसान महेश कुमार व सतीश आदि ने बताया कि अभी तक की बारिश धान व गन्ने की फसलों के लिए वरदान साबित हो रही है। यदि इससे भी ज्यादा बारिश होती है तो दलहन व सब्जी की फसलों को नुकसान हो सकता है।
शुक्रवार पूरा दिन रुक-रुक कर बारिश के चलते बाजारों से लेकर सड़क व ग्रामीण क्षेत्र तक के लोगों को परेशानी हुई। ऐसे मौसम के बीच अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रर्ता 96 फीसदी और हवा की गति 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही। कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम वैज्ञानिक डाॅ. रेशु सिंह का कहना है कि इसी तरह की बारिश अभी दो-तीन दिन जारी रहने का अनुमान बन रहा है। बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया और फसलों के लिए वरदान साबित हो रही है। साथ ही तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच उमस का असर भी जारी रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।