खुर्जा। जटिया अस्पताल में गर्मी बढ़ने के साथ-साथ बुखार व डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। अस्पताल में कुल 700 मरीजों की ओपीडी हो रही है। इनमें 400 से अधिक बुखार व डायरिया से ग्रस्त मरीज आ रहे हैं। वार्डों में भी भीड़ बढ़ने लगी है।
खुर्जा के जटिया अस्पताल के फिजिशियन डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में सबसे ज्यादा मरीज उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार के आ रहे हैं। डायरिया के लक्षण देखने को मिल रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा मरीज व्यस्क और युवा हैं। इन मरीजों के लक्षण के आधार पर खून जांच और अल्ट्रासाउंड जांच की जा रही है। इसके बाद ही उनको दवाइयां दी जा रही है। साथ ही परामर्श दिया जा रहा है कि बाजारों में मिलने वाले खाद्य पदार्थों में सफाई का विशेष ध्यान रखें। गर्मी में बासी और खराब चीजों से बचें। ताजे फल व सब्जी का ही इस्तेमाल करें। सीएमएस डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि रोजाना 15 से 20 मरीज भर्ती हो रहे हैं। अस्पताल में पर्याप्त बेड हैं। आवश्यकता पड़ने पर वहां भी मरीजों को भर्ती किया जाएगा।