फल विक्रेता को डंडा मारने पर हेड कांस्टेबल निलंबित
औरंगाबाद। पुरानी सब्जी मंडी में बुधवार को रिक्शे में फल बेच रहे एक युवक को हेड कांस्टेबल ने डंडा मार दिया। डंडा लगने से वह बेहोश हो गया। गुस्साए लोगों ने कांस्टेबल को हटाने की मांग को लेकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर के समझाने पर मामला शांत हुआ। वहीं, एसएसपी ने हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी मोनू बुधवार को नवीन सब्जी मंडी से रिक्शे में आम बेचने के लिये लाया था। बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर हाईवे स्टेट स्थित पुरानी सब्जी मंडी से होकर वह गुजर रहा था। इस दौरान किसी युवक ने उसे आम खरीदने के लिये रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान औरंगाबाद थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने फल विक्रेता को डंडा मार दिया। डंडा लगते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। मामले की जानकारी मिलते ही सैकड़ों व्यापारी मौके पर एकत्रित हो गए और हेड कांस्टेबल को हटाने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पाकर इंस्पेक्टर ध्रुव भूषण दुबे, चौकी प्रभारी शीलेश गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने व्यापारियों को आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर गुस्साए व्यापारियों को शांत कराया। युवक को सीएचसी लखावटी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। इंस्पेक्टर ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने हेड कांस्टेबल गोपी चंद को सस्पेंड कर दिया है।