कलक्ट्रेट स्थित अधिवक्ता के चैंबर का ताला तोड़कर चोरी
बुलंदशहर। कलक्ट्रेट कोर्ट विधि विहार में अधिवक्ता के चैंबर का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
अधिवक्ता शिव नरेश ने शिकायती पत्र में बताया कि वह डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन में वर्ष 2016 से विधि व्यवसाय कर रहे हैं। पीड़ित का चैंबर विधि विहार में प्रथम तल पर है। गत 16 जनवरी की शाम को वह अपना चैंबर बंद कर घर चले गए थे। 18 जनवरी को जब वह चैंबर पर पहुंचे तो उसके ताले टूटे हुए थे, जबकि अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच कर सामने आया कि चोर चैंबर में रखा प्रिंटर, लैपटॉप, लाइट बोर्ड व कुछ महत्वपूर्ण फाइल आदि सामान चोरी कर अपने साथ ले गए हैं। पीड़ित ने इस बाबत बार एसोसिएशन को भी शिकायत की है। वहीं, अब एसएसपी से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसएसपी ने नगर कोतवाली पुलिस को निर्देशित कर दिया है।