अहार। थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में रविवार दोपहर को गंगा किनारे शौच के बाद हाथ धो रहा गुरुकुल छात्र नदी में गिर गया। उसकी तलाश में स्थानीय गोताखोरों के अलावा पीएसी फ्लड प्लाटून की टीम लगी हुई है। लेकिन, अभी तक उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है।
अवंतिका देवी स्थित गोशाला में रविवार को एक गाय की मौत हो गई थी। जिसे गुरुकुल के ही कुछ छात्र दफनाने के लिए मुबारिकपुर गंगा किनारे ले गए थे। जहां, उसे दफनाने के बाद गुरुकुल का छात्र इशांत शौच को चला गया। वहां से लौटकर वह गंगा में ही हाथ धोने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तभी वह असंतुलित होकर गंगा नदी में गिर गया। वहां, काफी गहरा जल होने के कारण वह लापता हो गया। अन्य छात्राें ने गुरुकुल में व अन्य लोगों को सूचना दी। स्थानीय गोताखोर व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू कर दी है। अनूपशहर से फ्लड प्लाटून को भी लगाया गया है। इशांत मूल रूप से स्याना के गांव मोहनपुर का निवासी है। वह गुरुकुल में कक्षा आठ का छात्र था। हादसे के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही छात्र को तलाश लिया जाएगा।