बुलंदशहर। जीएसटी विभाग की टीम ने शहर के एक फर्नीचर व्यापारी के प्रतिष्ठान पर कर चोरी पकड़ी है। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने पूरे वर्ष में केवल तीन लाख रुपये की बिक्री टैक्स रिटर्न फाइल करते हुए दर्शाई थी। मौके पर 19.5 लाख रुपये का माल बिना दस्तावेजों के पाया गया, जिस पर टीम ने व्यापारी पर सात लाख रुपये जुर्माना लगाया।
जीएसटी विभाग के संयुक्त आयुक्त विवेक सिंह के निर्देशन में उपायुक्त डीके बहादुर की टीम ने शहर के शफकत फर्नीचर प्रतिष्ठान पर सर्वे की कार्रवाई की। कर चोरी की शिकायत मिलने के बाद टीम ने पहले प्रतिष्ठान पर चार दिन तक खरीब-बिक्री के लिए नजर रखी और फिर शफकत फर्नीचर पर सर्वे किया। उपायुक्त डीके बहादुर ने बताया कि फर्म संचालक द्वारा लाखों रुपये के फर्नीचर बिक्री के लिए रखे हुए थे, लेकिन इस वर्ष केवल तीन लाख रुपये की बिक्री दस्तावेजों में दर्शाई। इसके अलावा आरोपी ने सामान बिक्री का पक्का बिल देने के लिए बिल बुक भी नहीं छपवाई थी। जिसके चलते आरोपी द्वारा लगातार कम बिक्री दर्शाकर कर की चोरी की जा रही थी। मौके पर स्टॉक की जांच करने पर पता चला कि 19.5 लाख रुपये का सामान बिना बिल के स्टॉक में रखा हुआ है। कीमत का आंकलन करने के बाद टीम ने मौके पर व्यापारी पर सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया। संयुक्त आयुक्त विवेक सिंह ने बताया कि शहर में और भी व्यापारियों के खिलाफ कर चोरी की शिकायतें मिल रहीं हैं। इनके खिलाफ भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।