अनुमति ली 35 पेड़ काटने की, काट डाला पूरा बाग
बुलंदशहर। नियम को ताक पर रखकर आम के करीब 15 बीघे बाग में लगे दर्जनों हरे पेड़ काट दिए गए। पूरा मामला कस्बा जहांगीराबाद स्थित अनाज मंडी के सामने वाले बाग का है। बताया गया कि वन विभाग से परमिशन 35 पेड़ काटने की ली गई थी, जबकि यहां पर इससे कहीं अधिक पेड़ काट दिए गए। इससे विभागीय अधिकारी अंजान हैं और अब पता होने पर जांच करवाकर कार्रवाई की बात कर रहे हैं। यह ऐसा पहला मामला नहीं है, जनपद में इस तरह के कई मामले गत दिनों उजागर हो चुके हैं।
बताया गया कि जहांगीराबाद मंडी के सामने करीब 15 बीघा में आम का बाग लगा था। इस बाग में सभी पेड़ सही थे और उन्हें नियमानुसार काटा भी नहीं जा सकता था। बाग मालिक ने वन विभाग से 35 पेड़ काटने की परमिशन ली थी। विभाग ने भी बाग मालिक को उन्हीं पेड़ों को काटने की परमिशन दी थी, जो सूूख चुके हैं। इसके लिए विभाग ने पहले बाग का मुआयना भी किया था। लेकिन वन विभाग से परमिशन मिलने के बाद बाग मालिक ने 35 पेड़ों की बजाय पूरा बाग कटवा दिया। इसका पता जब कुछ लोगों को लगा तो उन्होंने इससे क्षेत्र के वन अधिकारियों को अवगत करवाया। आरोप है कि इस पर क्षेत्र के वन अधिकारी ने ध्यान देना तो दूर की बात। मौके पर पहुंचकर जांच करने की जहमत तक नहीं उठाई। इससे अब लोग पूरा बाग कटवाने के पीछे वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत होने की संभावना भी जता रहे हैं। बताया गया कि बाग पूरा कट चुका है और अब वहां पर सिर्फ आम आदि के पेड़ो की पत्तियां और लकड़ी ही देखी जा सकती है। वहीं, दूसरी ओर जब इस बारे में विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया तो वह अंजान पाए गए। जब पूरे मामले से अवगत करवाया तो उन्होंने जांच करवाकर कार्रवाई की बात कही है। डीएफओ की चेतावनी है कि यदि वास्तव में 35 पेड़ काटने की परमिशन के बाद नियम ताक पर रखकर इससे अधिक पेड़ काटे गए हैं तो कार्रवाई निश्चित होगी। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर सोमवार तक रिपोर्ट देने के आदेश दे दिए गए हैं।
जनपद में पहला नहीं है यह मामला
जहांगीराबाद में परमिशन से कहीं अधिक पेड़ काटने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जनपद में कई बार गत दिनों ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे मामले सबसे अधिक ऊंचागांव ब्लॉक और स्याना क्षेत्र में सामने आए हैं। इन क्षेत्रों में रात के अंधेरे में हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाकर माफिया हरियाली को ग्रहण लगा चुके हैं।
जहांगीराबाद में परमिशन से अधिक पेड़ काटने के मामले में संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच करने वाले अधिकारी को सोमवार तक जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। यदि यहां पर परमिशन से अधिक पेड़ काटे गए हैं तो निश्चित कार्रवाई होगी। रिपोर्ट मिलने के बाद ही सच्चाई का पता लगेगा।
- गौतम सिंह, डीएफओ, बुलंदशहर