प्रधानमंत्री आवासीय योजना (ग्रामीण) के तहत ग्राम पंचायतों में 2298 आवासों का निर्माण कराया जाएगा। शासन ने ग्राम्य विकास विभाग को आवास आवंटन का लक्ष्य दे दिया है।
योजना के तहत उन गरीब परिवारों को आवासों का आवंटन किया जाएगा, जिनके पास खुद का मकान नहीं है।
शासन के आदेश पर जनपद में सरकारी मशीनरी ने वर्ष-2011 की आर्थिक एवं सामाजिक जनगणना के आधार पर गांव गांव पहुंचकर सर्वे कर लिया है। सर्वे का डोर डोर सत्यापन भी हो चुका है। सत्यापन के बाद योजना में पात्र ग्रामीणों की सूची को ऑनलाइन कर दिया गया है।
पीडी डीआरडीए मुरारी लाल ने बताया कि 13 बिंदुओं पर वर्ष-2011 की जनगणना के आधार पर सर्वे पूरा करा लिया गया है। गांव वार पात्रता सूची भी अपलोड हो चुकी है। शासन से जल्द ही पैसा मिलने की उम्मीद है।
जैसा ही धनराशि का आवंटन होगा मकानों का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। मकान में एक कमरा, एक किचन, एक बाथरूम, एक टायलेट और लॉबी होगी। बिजली और पानी सप्लाई के लिए फिटिंग की जाएगी।
बेघर परिवार 1.32 लाख
वर्ष-2011 की जनणना के हिसाब से जनपद में 1.32 लाख परिवार बेघर हैं,जबकि जनपद को शासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत गांवों में 2298 मकान बनाने का लक्ष्य दिया है।
धनराशि मिलते ही शुरू होगा निर्माण
जनपद को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 2298 आवासों के आवंटन का लक्ष्य मिला है। धनराशि मिलते ही गांवों में आवासों का निर्माण शुरू हो जाएगा। मुरारीलाल,पीडी डीआरडीए
पात्रता के लिए जारी होंगे दिशा -निर्देश
प्रधानमंत्री आवासीय योजना के पात्रता की बाबत ग्राम्य विकास विभाग जल्द ही सूचना जारी करेगा। इसमें वह उन शर्तों का उल्लेख करेगा जिसकी बिनाह पर ग्रामीण आवेदन कर सकेंगे।