छतारी। गांव रिसालू के ग्राम पंचायत सदस्य से मारपीट करने के मामले में ग्राम प्रधान समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पीड़ित को फोन कर बार-बार धमकी दी जा रही है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रिसालू गांव निवासी राहुल कुमार का कहना है कि उन्होंने ग्राम पंचायत के कार्य से संबंधित आरटीआई लगाई थी। इसके बाद ग्राम प्रधान राहुल पाठक व उसके सहयोगी सौरव, विनेश और ग्राम प्रधान के पिता संतोष उनको लगातार धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि आरोपियों ने एक बार उनके साथ मारपीट की। अब पुलिस से शिकायत करने और आरटीआई लगाने पर धमकी दे रहे हैं।
आरोप है कि 22 जुलाई को सौरव ने कॉल कर पीड़ित से गाली गलौज की और धमकी दी। इससे एक सप्ताह पहले विनेश व संतोष ने पीड़ित के चाचा को फोन कर धमकी दी थी। ऐसे में पीड़ित भयभीत है और उन्होंने शुक्रवार को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।