बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की ओर से स्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 10 दिसंबर 2024 से 28 जनवरी 2025 तक जारी रहेंगी। सभी परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। इस समय परीक्षा फार्म भरे जा रहे हैं।
डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि सीसीएसयू की ओर से निर्देश जारी किया गया है कि स्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 10 नवंबर से शुरू होंगी। परीक्षाओं में स्नातक बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएसई होम साइंस और बीएससी होम साइंस एंड क्लीनिक न्यूट्रीशन पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राएं शामिल हो सकेंगे। परीक्षा दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होगी। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर बाद दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षाएं 28 जनवरी 2025 को खत्म होंगी। सीसीएसयू की वेबसाइट पर परीक्षा कार्यक्रम देखे जा सकते हैं।
बताया कि सीसीएसयू की ओर से परीक्षा से पहले छात्र-छात्राओं का कोर्स पूरा करने और परीक्षा की तैयारी के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन करने का भी निर्देश कॉलेजों को जारी किया गया है। डीएवी कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि इस समय परीक्षा के फार्म भरे जा रहे हैं। यह फार्म एक दिसंबर तक भरे जाएंगे। सभी छात्र-छात्राओं को चाहिए कि वह निर्धारित तिथि तक अपने-अपने परीक्षा फार्म भर दें। जिससे बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।