संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से आरोपी ने जमीन बेचने का सौदा कर करीब 40 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने बैनामा न होने पर रुपये मांगे तो आरोपी ने उन्हें हत्या की धमकी दी है। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नगर के मोहल्ला साठा निवासी राहुल कुमार ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि कुछ समय पूर्व देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने उस दौरान उन्हें अपनी करीब पांच बीघा जमीन बेचने की बात कही थी। जिसका सौदा करीब एक करोड़ रुपये में तय हुआ था। पीड़ित ने इसके एवज में बतौर पेशगी आरोपी को करीब 40 लाख रुपये दे दिए। साथ ही कुछ समय बाद बैनामा कराने की बात कही गई लेकिन, समय पूरा होने पर पीड़ित ने आरोपी से बैनामा कराने को कहा। जिस पर आरोपी पहले तो टाल मटोल करता रहा। अब आरोपी ने बैनामा कराने से साफ इन्कार कर दिया है। आरोपी अब अधिक कीमत में जमीन बेचने की बात कह रहा है। पीड़ित ने जब रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने वह भी लौटाने से इन्कार कर दिया है। साथ ही भविष्य में पीड़ित को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने देहात कोतवाली पुलिस का मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।