अनूपशहर। अनूपशहर के ऐतिहासिक कार्तिक मेले के आयोजन को लेकर लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेले को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने 59.81 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने मेले की तैयारियां तेज कर दी हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने बताया कि शासन से स्वीकृत धनराशि का उपयोग मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा। इस बार मेले को पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की योजना है। कार्तिक मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए गंगा घाटों से लेकर मेला परिसर तक विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, पर्याप्त रोशनी और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तैयारियां की जाएंगी।