अगले तीन दिन तक गोमती समेत 12 ट्रेनें खुर्जा नहीं आएंगी। अलीगढ़ में इंटरलाकिंग काम चलने के कारण मेगा ब्लॉक किया गया है। इसके चलते दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर अलीगढ़ से होकर दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनों को टूंडला से ही डायवर्ट किया जाएगा। इस कारण जंक्शन स्टेशन के यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली-हावड़ा मार्ग स्थित जंक्शन स्टेशन पर राजधानी, शताब्दी समेत करीब 250 एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं। उनके से करीब एक दर्जन ट्रेनें ऐसी हैं जिनका जंक्शन स्टेशन पर ठहराव होता है। रेलवे अधिकरियों की मानें तो अलीगढ़ में इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है।
ऐसे में कानपुर से दिल्ली आने वाली ट्रेनें अलीगढ़ स्टेशन न आकर टूंडला से ही डायवर्ट की जाएंगी। वहीं दिल्ली से कानपुर की तरफ जाने वाली ट्रेनों को भी दूसरे रूट से निकाला जाएगा। बता दें कि कानपुर और दिल्ली की तरफ जाने के लिए जंक्शन स्टेशन पर सैकड़ों यात्री रोजाना सफर करते है, लेकिन बृहस्पतिवार से मेगा ब्लॉक के चलते यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
स्टेशन अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि मेगा ब्लॉक के चलते ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया जा रहा है।
तीन दिन नहीं आएंगी ये ट्रेनें
गोमती एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, फरुक्का एक्सप्रेस, कालका मेल, मुरी एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, लाल किला एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, कोलकता-आनंद विहार एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस आदि।
पैसेजर ट्रेनें भी हो सकती है कैंसल
रेलवे अफसरों का कहना है कि फिलहाल अभी मेगा ब्लाक के चलते कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। इस दौरान अगर कुछ पैसेंजर ट्रेनें ज्यादा लेट होती है तो सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें कैंसल किया जा सकता है। यह घोषणा रेलवे कंट्रोल रूम से सूचना आने के बाद ही की जाएगी।