एक दिन के लिए सीडीओ-एसडीएम बनीं बेटियां
बुलंदशहर। प्रदेश सरकार आधी आबादी को सुदृढ़, आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिशन शक्ति, महिला सशक्तीकरण, डायल 191 समेत विभिन्न सरकारी योजनाएं चला रही है, जिससे कि आधी आबादी यानी महिलाएं भी पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चल सकें। इसी के तहत रविवार को जनपद में राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बेटियों को सांकेतिक रूप से वरिष्ठ कोषाधिकारी, एसडीएम समेत विभिन्न अफसरों के पद पर एक दिन का चार्ज सौंप कर अफसर भी बनाया गया।
जिला कोषाधिकारी बनीं पिंकी, मधु बनीं सदर एसडीएम
बुलंदशहर। नगर निवासी बीबीए की छात्रा पिंकी चौधरी को एक दिन की सांकेतिक वरिष्ठ कोषाधिकारी नियुक्त किया गया। इस दौरान उन्होंने कोषाधिकारी के कार्यों को समझा और अफसरों से परिचय प्राप्त कर कुछ सुझाव व निर्देश भी दिए। इसी तरह नगर के केंद्रीय विद्यालय की कक्षा 11 की छात्रा कुमारी मधु को सांकेतिक एसडीएम सदर नियुक्त किया गया। कर्मचारियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। वहीं, विकास भवन में छात्रा शिवानी गौतम को सांकेतिक रूप से जिला विकास अधिकारी बनाया गया। छात्रा शिवानी केंद्रीय विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा है। शिवानी ने कार्यालय की गतिविधियाें की जानकारी लेने के साथ फाइलों को भी पढ़ा। डीएवी पीजी कॉलेज में एमए की छात्रा पूर्णिमा पुत्री कुलदीप को एक दिन के लिए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बनाया गया। उसे विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया गया। वैशाली को जिला कृषि अधिकारी बनाकर सम्मानित किया गया। वैशाली ने कृषि विभाग से जुड़े अफसरों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर कार्यों को समझा। एसबीएमटी की बीएससी की छात्रा कुमारी राखी को डीएफओ बनाया गया। छात्रा दिव्यांशी सिंह को एक दिन की बीडीओ नियुक्त कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा छात्रा शिवानी गौतम को एक दिन का डीडीओ नियुक्त किया गया। उन्होंने इस दौरान कार्यालय में तैनात अफसरों व कर्मचारियों का परिचय प्राप्त किया। कुमारी अनुष्का चौधरी को एक दिन का जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नियुक्त कर सम्मानित किया गया। नगर के गौरी शंकर महाविद्यालय की छात्रा लवी शर्मा पुत्री अरुण कुमार शर्मा को भूमि संरक्षण अधिकारी बनाया गया।
बेटियों ने संभाला तहसील और कोतवाली का चार्ज
सिकंदराबाद। नगर की एसडीएम कॉलोनी निवासी पूजा चौधरी पुत्री देवेंद्र सिंह चौधरी ने एसडीएम, अदिति यादव पुत्री अनिल कुमार कोे तहसीलदार, सलेमपुर रोड निवासी निशा पुत्री यामीन को एक दिन का कोतवाली का चार्ज सौंपा गया। इस दौरान तीनों अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनते हुए समाधान भी किया। तीनों ने तहसील, कोतवाली परिसर का निरीक्षण कर कर्मचारियों को निर्देशित भी किया। पूजा चौधरी ने बताया कि उसका लक्ष्य प्रशासनिक अधिकारी बनना है। वह सीडीएस की लिखित परीक्षा भी पास कर चुकी हैं। निशा ने बताया कि वह कक्षा 11 की छात्रा है। उसका लक्ष्य आईपीएस अधिकारी बनने का है। छात्रा ज्योतिका सिंह को एक दिन का बीडीओ नियुक्त कर सम्मान दिया गया।
स्याना में एसडीएम बन खुशबू ने सुनीं समस्याएं
स्याना। नगर के बीडीएस पब्लिक स्कूल की कक्षा 12 की मेधावी छात्रा खुशबू चौधरी पुत्री शशांक चौधरी को एक दिन के लिए एसडीएम बनाया गया। खुशबू ने स्याना तहसील में एसडीएम कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनी व उनके निस्तारण के लिए दिशा निर्देश भी दिए। खुशबू ने कक्षा दस में 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दसवां स्थान प्राप्त किया था। वह अपने कैरियर की शुरूआत आईआईटी इंजीनियर बनकर करना चाहती हैं। स्याना डिग्री कॉलेज की बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा कुमारी जूली निवासी रवानी कटीरी को एक दिन का खंड विकास अधिकारी बनाकर सम्मानित किया गया।
शिकारपुर की दो छात्राएं बनीं एक दिन की एसडीएम
शिकारपुर। नगर स्थित मां भगवती इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा कुमारी परिधि मित्तल और कुमारी काजल को संयुक्त रूप से एक दिन का सांकेतिक एसडीएम (नायिका) नियुक्त किया गया। इसके अलावा डीएपी इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा नूतन पुत्री राजेंद्र सिंह को एक दिन का खंड विकास अधिकारी नियुक्त किया गया। इस दौरान एसडीएम वेदप्रिय आर्य, तहसीलदार नीरज द्विवेदी मौजूद रहे।
निशा एसडीएम और मोनिका बनीं तहसीलदार
डिबाई। निशा सिंह को एक दिन की सांकेतिक एसडीएम बनाया गया। निशा जनता इंटर कॉलेज धर्मपुर की कक्षा 11 की छात्रा हैं। निशा हाईस्कूल में तहसील टॉपर और जिले में नौवां स्थान प्राप्त किया था। उनके पिता खड़क सिंह पेंटर तथा मां रेखा देवी गृहिणी हैं। निशा ने ईओ व पुलिस को नगर से तत्काल अतिक्रमण हटाने व पीड़ितों को तत्काल न्याय दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उच्च प्राथमिक विद्यालय गांव घुसराना गेल निवासी मोनिका कुमारी को एक दिन की तहसीलदार बनाया गया। उन्होंने महिला, बुजुर्ग व दिव्यांगों को प्राथमिकता से शिकायतों का निस्तारण करने की बात कही। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कसेर कला पर छात्रा नैना को एक दिन की चिकित्सा प्रभारी नियुक्त कर सम्मानित किया गया। नोएडा के एक कॉलेज में बीसीए की छात्रा नैना ने गर्भवती महिलाओं को प्रसव अस्पताल में कराने का आह्वान किया। इसके अलावा गांव पलाकसेर की संध्या व गांव पिलखना की राधा को भी चिकित्सक बनाया गया।
गुलावठी में एक दिन के लिए बीडीओ बनी शैली कंसल
गुलावठी। एससीएएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा शैली कंसल को सांकेतिक एक दिन के लिए खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) बनाया गया। शैली कंसल ने बीडीओ की कुर्सी पर बैठकर कामकाज देखा। इसके अलावा शैली कंसल ने ब्लॉक कार्यालय एवं स्टाफ कक्षों का निरीक्षण किया।