गेहूं खरीद की तैयारी शुरू, 1975 रुपये प्रति क्विंटल रहेगा मूल्य
बुलंदशहर। धान और मक्का की खरीद के बाद अब जनपद में गेहूं खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार गेहूं 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। गेहूं खरीद के लिए शासन ने आदेश जारी कर दिया है। साथ ही विभागीय अधिकारियों ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
शासन और खाद एवं रसद विभाग ने आदेश जारी किया है कि इस बार गेहूं की खरीद एक अप्रैल से होगी। गेहूं का सरकारी समर्थन मूल्य इस बार 1975 रुपये है। इसी रेट पर गेहूं की खरीद होगी। जबकि गत वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 1925 रुपये था और इसी रेट पर गेहूं की खरीद की गई थी। अफसरों ने बताया कि इस बार शासन का आदेश है कि गेहूं की खरीद धान और मक्का की तर्ज पर होगी। गेहूं खरीद के लिए किसानों को पहले अपना विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बिना ऑनलाइन आवेदन के किसान को किसी भी क्रय केंद्र पर गेहूं नहीं खरीदा जाएगा। गेहूं बेचने के बाद किसान को 72 घंटे के भीतर उसका भुगतान उसके बैंक खाते में पहुंच जाएगा। अफसरों का दावा है कि गेहूं खरीद के लिए तैयारी शुरू हो गई है। सभी तैयारियां 25 मार्च तक पूरी कर ली जाएंगी। इस अवधि के दौरान गेहूं खरीद के लिए लक्ष्य मिलने के साथ ही खरीद एजेंसी निर्धारित कर दी जाएंगी। साथ ही क्रय केंद्रों का भी गेहूं खरीद करने वाली एजेंसियों को कर दिया जाएगा। जिला खाद एवं विपणन अधिकारी जेया करीम अहमद ने बताया कि शासन से गेहूं खरीद को लेकर आदेश मिल गया है। इस आदेश के मिलने पर विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस आदेश का जनपद में शासन की मंसा अनुसार ही पालन किया जाएगा।