गाजियाबाद समेत अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
बेकाबू कैंटर पेड़ से टकराया, चालक-परिचालक की मौत
- नरौरा-बेलौन मार्ग पर हुआ हादसा, जेसीबी मंगाकर कैं टर से निकाले गए दोनों शव
संवाद न्यूज एजेंसी
नरौरा (बुलंदशहर)। नेशनल हाईवे-509 पर नरौरा चौराहे के पास बुलंदशहर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार कैंटर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे में गाजियाबाद निवासी चालक और परिचालक की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बृहस्पतिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव गाजियाबाद ले गए।
बुधवार रात बुलंदशहर की ओर से एक प्लास्टिक के गमलों से लदा कैंटर संभल की ओर जा रहा था। नेशनल हाईवे-509 पर नरौरा चौराहे के पास रात करीब 11.30 पर कैंटर हाईवे किनारे एक पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना जबरदस्त था कि कैंटर का सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चालक व परिचालक कैंटर में ही फंस गए। थाना प्रभारी एसएचओ अमर सिंह ने बताया कि रात में ही नगर पंचायत की जेसीबी बुलाकर वाहन में फंसे गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रावली कला निवासी नागेंद्र उर्फ पिन्टू (35) व परिचालक शैलेंद्र कुमार (35) के शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को गाजियाबाद ले गए। बृहस्पतिवार देर शाम तक मामले में किसी भी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी गई है।