बुलंदशहर। घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत देते हुए गैस कंपनियों ने ई-केवाईसी कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी है। पहले ई-केवाईसी कराने की अंतिम तारीख 15 अगस्त निर्धारित की गई थी। जिले में अभी भी 1.80 लाख से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी बाकी है। ऐसे में संबंधित गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं से 23 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की जा रही है।
जिले में इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के कुल 8,97,828 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 7,17,610 उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी पूरी करा ली है, जबकि 1,80,218 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी बाकी है। जिले में कुल 90 गैस एजेंसियां संचालित हैं। उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी पर पहुंचकर आधार आधारित सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं।
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार ई-केवाईसी का उद्देश्य वास्तविक उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट करना और गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे 23 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। निर्धारित समय में ई-केवाईसी नहीं कराने पर भविष्य में गैस आपूर्ति से जुड़ी सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।