खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा गंगा का जलस्तर।
- फोटो : ब्यूरो
बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों मे नरौरा के गंगा बैराज पर गंगा नदी के जलस्तर में 22 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इससे छोटी काशी अनूपशहर में आरती स्थल तक पानी पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर रामघाट इलाके में तटीय क्षेत्र में कटान होने लगा है।
इससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। नरौरा बैराज के तारबाबू देवेश कुमार ने बताया कि नरौरा गंगा बैराज पर पानी के खतरे का निशान 178.675 मीटर पर है। शनिवार को गंगा नदी का वाटर लेवल 177.89 मीटर था जो कि रविवार शाम 178.11 मीटर तक पहुंच गया ।
गंगा नदी में उफान के साथ रामघाट में गंगा नदी के गंगा के समीप बने गंगा द्वार के निकट बह रही है। रामघाट में गंगा किनारे बने कच्चे शमशान घाट पर गंगा नदी के कटान के कारण शव दाह संस्कार दूसरे स्थान पर हो रहा है। गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि समिति गंगा नदी के कटान की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दे चुकी है।
रविवार की सांय गंगा बैराज की अप स्ट्रीम में पानी की कुल आवक एक लाख 23 हजार 36 क्यूसेक प्रति सेकंड़ हो रही है। जबकि शनिवार की सांय को 75 हजार 693 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड की दर से बैराज पर पानी पहुंच रहा था।
बैराज से नदी की डाउन स्ट्रीम में एक लाख 12 हजार 955 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जबकि बैराज से निकली एलजीसी नहर में 7503 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। और पीएलजीसी नहर में 2570 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है।
हरिद्वार बैराज से गंगा नदी में रविवार को एक लाख 72 हजार 522 क्यूसेक तथा बिजनौर से एक लाख 36 हजार 574 क्यूेसक पानी गंगा में छोड़ा जा रहा है। जिससे गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि होना तय है।