नशीला पदार्थ खिलाकर तीन देवरों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र की एक विवाहिता को नशीला पदार्थ खिलाकर तीन देवरों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने दहेज के लिए ससुरालीजनों पर उत्पीड़न करने और ससुर पर छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। देहात पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात के एक गांव निवासी पीड़ित विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी कुछ वक्त पहले बीबीनगर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। ससुरालीजन दहेज की मांग करते हुए उसका उत्पीड़न करने लगे। पीड़िता ने ससुर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर ससुरालीजनों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि बीते दिनों पति द्वारा उसे नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिसके बाद उसके तीन देवरों द्वारा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। साथ ही उसे हत्या की धमकी भी दी गई। देहात पुलिस ने आरोपी तीनों देवरों और पति समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली देहात प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।