ग्रामीण क्षेत्र में 72 घंटे में फुंका ट्रांसफार्मर बदलने के शासनादेश के बाद भी 20 दिन में ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिसके चलते गांव के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
गांव चंद्रावली निवासी डंबर, लाला, राकेश, कालू, हरेंद्र, गिरिराज, लिटिन यादव ने बताया कि गांव में करीब 100 परिवार रहते हैं। करीब 20 दिन पहले गांव का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए इस दौरान कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जबकि प्रदेश सरकार ने 72 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदलने के आदेश दे रखे है। मंगलवार को ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। जेई पवन कुमार ने बताया कि ग्राम चंद्रावली राजीव गांधी योजना के अंतर्गत आता है।
राजीव गांधी योजना के अंतर्गत आने वाले गांवों के मेंटीनेंस का काम आईएलएफएस कंपनी के जिम्मे है। जल्द ही कारपोरेशन द्वारा ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।
सड़क में घटिया सामग्री के विरोध में हंगामा
अगौता ब्लाक के गांव निमचाना में राज्य वित्त योजना के तहत बनाई जा रही आरसीसी सड़क में घटिया सामग्री लगाये जाने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए सड़क निर्माण को रोक दिया गया है।
गांव निमचाना में राज्य वित्त योजना के तहत सचिव मनोज शर्मा और ग्राम प्रधान महीपाल सिंह की देखरेख में आरसीसी सड़क बनाई जा रही थी। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और सचिव पर सड़क निर्माण में घोटाला किये जाने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य को भी रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में सोयम ईटों को प्रयोग में लिया जा रहा है।