मतगणना और होली के मद्देनजर निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। इस संबंध में ऊर्जा सचिव की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। ऊर्जा सचिव की तरफ से बिजली अफसरों को आदेश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि मतगणना और होली के त्योहार को देखते हुए 10 मार्च की रात 12 बजे से 14 मार्च की रात 12 बजे तक बिजली कटौती नहीं की जाएगी।
सिर्फ आपातकाल के दौरान ही बिजली कटौती की जाएगी। अधीक्षण अभियंता राजेश सिंह ने बताया कि मतगणना और होली के त्योहार के मद्देनजर निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। ऊर्जा सचिव के आदेश के बाद सभी एक्सईएन और एसडीओ को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सिर्फ इमरजेंसी के दौरान ही बिजली कटौती की जाएगी। मालूम रहे कि इस बार होली से पहले ही जिले में पावर कारपोरेशन की राजस्व वसूली की स्थिति दे्खते हुए उम्मीद जताई जा रही थी कि क्षेत्र को सप्लाई में खास तौर पर रियायत दी जाएगी।
शहर और देहात क्षेत्रों में बिजली कटौती तेज
शहर समेत देहात क्षेत्रों में बिजली कटौती तेज हो गई है। जिले भर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इमरजेंसी रोस्टरिंग के नाम पर जमकर कटौती की जा रही है। सूरज की तपिश जैसे-जैसे बढ़ती जा रही है, वैसे ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गए हैं।
सुबह हो या शाम, जमकर कटौती की जा रही है। इमरजेंसी रोस्टरिंग के नाम पर कटौती हो रही है। जिला मुख्यालय पर महज 14 से 15 घंटे की बिजली आपूर्ति की जा रही है, जबकि तहसील और कस्बों में 12 से 13 घंटे और गांवों में 8 से 10 घंटे की बिजली आपूर्ति की जा रही है।
अधीक्षण अभियंता राजेश सिंह का कहना है कि जितनी बिजली आपूर्ति कंट्रोल से की जा रही है, उतनी ही क्षेत्र में दी जा रही है। सभी एक्सईएन, एसडीओ को निर्देश दिए गए हैं कि लोकल स्तर पर कटौती न की जाए।