हापुड़। बरेली में आई लव मोहम्मद को लेकर हुए विवाद के चलते इस शुक्रवार को जिले में जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। इस दौरान नमाज के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने जिले की जनता से शांति बनाए रखने की अपील की।
बरेली जिले में हुए आई लव मोहम्मद विवाद के मद्देनजर पुलिस शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट मोड पर रही। नमाज के मद्देनजर धार्मिक स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके अलावा संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस बल ने पैदल मार्च कर लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की। एसपी ज्ञानंजय सिंह लगातार जिले के पुलिस अधिकारियों के संपर्क में रहे और उन्हें सकुशल जुमे की नमाज संपन्न कराने के निर्देश देते रहे।
एसपी ने बताया कि सदर सीओ वरुण मिश्रा ने अपने सर्किल क्षेत्र के सदर कोतवाल देवेंद्र सिंह बिष्ट, बाबूगढ़ थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह व देहात थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता के साथ क्षेत्र में मुस्तैद रहे। पिलखुवा सीओ अनीता चौहान भी पिलखुवा कोतवाल पटनीश कुमार, धौलाना कोतवाल नीरज कुमार व कपूरपुर कोतवाल विनोद पांडेय के साथ क्षेत्र में गश्त करती नजर आईं। इनके अलावा पुलिस टीमें, क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), मोबाइल वाहन और लैपर्ड व बाइकों पर सवार पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करते रहे।