बुलंदशहर। बेसिक स्कूलों में तैनात दो शिक्षकों से अंतरजनपदीय तबादला करवाने के नाम पर ठगी कराने का मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक लाख रुपये की ठगी कर ली। बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने आदेश जारी कर शिक्षकों को कहा कि वह किसी को भी ऑनलाइन रकम न डालें और ओटीपी शेयर न करें।
बताया कि परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षकों के अंतरजनपदीय तबादले हो रहे हैं। इसके लिए अभी ऑनलाइन आवेदन चल रहे हैं। पीड़ित शिक्षकों ने बताया कि उनके पास फोन आया कि यदि वह अपना तबादला लखनऊ, प्रयागराज के आस-पास के जिलों में लेना चाहते हैं तो 50-50 हजार रुपये भेज दें। ठगों ने उन्हें क्यूआर कोड भेजा। उक्त जालसाजों ने स्वयं को बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय के कई अफसरों के नाम बताए। शिक्षकों ने अभी तक थाने में तहरीर नहीं दी है।