जमीन बेचने के नाम पर की 1.34 करोड़ रुपये की ठगी
ककोड़। जमीन बेचने के नाम पर तीन आरोपियों ने एक व्यक्ति से 1.34 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। बैनामा न करने पर पीड़ित ने रुपये मांगे तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और हत्या की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर थाना पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
छतारी थाना क्षेत्र के पंथ चौक निवासी रविंद्र सिंह चौहान ने तहरीर देकर बताया कि वह सनरवी इंफ्राकान प्रा. लिमिटेड कंपनी का एचओडी हैं। कुछ समय पूर्व उसकी मुलाकात रियल ब्रिक्स इंफ्राकान प्रा. लिमिटेड कंपनी के सज्जन सिंह, हरेंद्र सिंह, वेदपाल उर्फ अरविंद से हुई थी। आरोपियों ने उसे बताया कि ककोड़ क्षेत्र के गांव इनायतपुर में उनकी जमीन है, जिसे वह बेच रहे हैं। सज्जन सिंह, हरेंद्र ने उसे 28 बीघा जमीन दिखाई और उसका सौदा भी तय हो गया। पीड़ित ने उनकी बातों में आकर 14 नवंबर 2021 को 24 लाख रुपये नकद बतौर पेशगी दे दिए। इसके बाद 30 दिसंबर 2021 को सात लाख रुपये सज्जन सिंह के खाते में ट्रांसफर कराए। 14 फरवरी 2022 को नितेश कुमार के खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर कराए। योगेश सोलंकी के खाते में छह लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। साथ ही 15 नवंबर 2021 को वेदपाल उर्फ अरविंद को 23 लाख रुपये दिए। 11 फरवरी 2022 को दस लाख रुपये दिए। 27 फरवरी 2022 को सज्जन सिंह, हरेंद्र को पीड़ित ने 54 लाख रुपये नकद दिए। जिसके बाद उन्होंने जमीन का बैनामा कराने के लिए कहा तो आरोपियों ने जल्द ही कराने का आश्वासन दिया।
पीड़ित ने बताया कि 11 मार्च 2022 को वह अचानक झाझर स्थित आरोपियों के होटल पर पहुंच गए। जहां सज्जन सिंह ने अपनी माता के बाहर होने की बात कहते हुए बैनामा के लिए एक माह का समय मांगा। जिसके बाद पीड़ित उसके झांसे में आ गए और जमीन पर साइट डेवलपमेंट पर भी 25 लाख रुपये खर्च कर दिए। समय बीतने के बावजूद आरोपियों ने बैनामा नहीं किया। बीते दिनों पीड़ित ने बैनामा न करने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने रुपये देने से इंकार कर दिया और भविष्य में आरोपियों ने उसे हत्या की धमकी दी है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी गांव इनायतपुर निवासी सज्जन सिंह, हरेंद्र, गांव भौरे निवासी वेदपाल उर्फ अरविंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।