बुलंदशहर। सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने रविवार को गांव हरतौली स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षा चार के विद्यार्थी हिंदी वर्णमाला के अक्षर तक नहीं पढ़ सके। विधायक की शिकायत पर बीएसए ने स्कूल के पूरे स्टाफ का वेतन रोक दिया है और स्पष्टीकरण मांगा है।
रविवार को गांव हरतौली स्थित प्राथमिक विद्यालय में मेरी मेटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने शिरकत की। इस दौरान बच्चों की प्रस्तुति देखकर सदर विधायक ने खूब सराहना की। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने स्कूल का निरीक्षण करते हुए बच्चों से स्कूल में दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही बच्चों से पढ़ाई के बार में पूछते हुए हिंदी की किताब लेकर कक्षा चार की छात्रा उपासना और छात्र कान्हा से हिंदी वर्णमाला के अक्षर अ, आ, इ, ई, उ, ऊ के बारे में जानकारी ली। दोनों ही विद्यार्थी हिंदी वर्णमाला के अक्षर नहीं पहचान सके।
शिक्षा के इस स्तर को देखकर विधायक ने स्कूल के स्टाफ को चेतावनी दी और मौके से ही बेसिक शिक्षा अधिकारी को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। विधायक की शिकायत के आधार पर बीएसए डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने स्कूल के पूरे स्टाफ का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि सरकार लाखों रुपये खर्च कर बच्चों को शिक्षित बनाने का प्रयास कर रही है लेकिन कुछ अधिकारी और शिक्षक लापरवाही बरत रहे हैं। इनके खिलाफ शासन से शिकायत की जाएगी।