सिकंदराबाद। पुलिस ने चेकिंग के दौरान बृहस्पतिवार की रात में औद्योगिक क्षेत्र से सरिया चोर गिरोह के चार सदस्यों को सरिए से लदे ट्रक, बिना नंबर के सरिए से लदे ट्रैक्टर-ट्राली के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का एक साथी फरार है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नहाली थाना भौजपुर जनपद गाजियाबाद निवासी शाहनवाज, बिलाल, औद्योगिक क्षेत्र के गांव सांवली निवासी मनोज, पाली माकरी थाना डबुआ कॉलोनी जनपद फरीदाबाद निवासी नितिन बताया। ट्रक चालक शाहनवाज ने पूछताछ में बताया कि जोखाबाद स्थित अम्बा सरिया फैक्टरी से सरिया लोड़ करते थे। ट्रक को पार्किंग में ले जाकर पार्किंग के लोगों की मदद से कुछ सरिया चोरी से वहां उतार देते थे।
उतने ही वजन के पत्थर गाड़ी में रखकर गाड़ी का वजन कांटे पर कराकर मालिक को पूरे वजन की रशीद दे देते थे। चोरी किया हुआ सरिया पार्किंग में मनोज व उसके साथियों को सस्ते दामो में बेचते हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।