बुलंदशहर। मौसम बदलने के चलते जहां वायरल बुखार का प्रकोप जिले में बढ़ रहा है वहीं, मलेरिया के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। बीते दिनों चार लोगों की मलेरिया रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद जिले में मलेरिया के कुल केस 40 हो गए हैं। वहीं, शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 304 वायरल बुखार के मरीजों ने परामर्श लिया।
जिले में करीब दो माह से वायरल बुखार का प्रकोप बना हुआ है। प्रतिदिन बुखार पीड़ितों की अस्पतालों में भीड़ लगी रहती है। जिलेभर में 10 से अधिक लोगों की बुखार से अभी तक मौत भी हो चुकी है। वहीं डेंगू के तीन मरीज मिल चुके हैं और एक की मौत हो चुकी है। मलेरिया के मरीज भी लगातार पॉजिटिव आ रही है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नज्जार अहमद ने बताया कि खुशहालपुर की 40 वर्षीय महिला, कर्णवास निवासी 28 वर्षीय महिला, मुनी निवासी 12 वर्षीय किशोर और डिबाई निवासी 37 वर्षीय युवक ने निजी पैथोलॉजी लैब में मलेरिया की जांच कराई। इन सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी अपना उपचार करवा रहे हैं। उधर, जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 1655 मरीजों ने पंजीकरण कराकर परामर्श लिया। इसमें बुखार पीड़ितों की संख्या 304 रही। फिजिशियन डॉ. चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी भी ओपीडी में बुखार पीड़ित मरीज प्रतिदिन आ रहे हैं। मौसम के अनुसार सभी अपना रहन-सहन के साथ खाने-पीने में बदलाव करें तो बीमारी कम होंगी। मरीजों में लक्षण के आधार पर डेंगू, मलेरिया एवं टायफाइड आदि की भी ब्लड जांच कराई जाती है। प्रतिदिन 30 से 40 मरीज टायफाइड पॉजिटिव आ रहे हैं।
कोट
जिले में मलेरिया के कुल मामले 40 हो चुके हैं। पॉजिटिव आने वाले मरीजों से मलेरिया विभाग संपर्क करता रहता है। अभी तक 35 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ