खुर्जा। विधानसभा क्षेत्र में गांवों से निकलने वाले चार संपर्क मार्गों का नवीनीकरण चार करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके लिए मंजूरी मिल गई है। अगले सप्ताह से इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। विधायक मीनाक्षी सिंह ने जुलाई माह में इसके लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा था। सड़कों का नवीनीकरण होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।
गांव चिंगरावली निवासी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि गांव कपना से मुमरेजपुर गांव तक करीब 1.85 किलोमीटर लंबा संपर्क है। जहां पर दो दशक पहले ईंटों का खडंजा बना था, वह अब पूरी तरह जर्जर हो गया है। मार्ग से रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन लगा रहता है। यह मार्ग मुमरेजपुर, चिंगरावली, कपना, छपना और अन्य गांवों से होकर गुजरता है। इस मार्ग के निर्माण के लिए करीब तीन साल से प्रयास किया जा रहा था। इसके लिए विधायक को भी मांग पत्र दिया गया था।
विधायक मीनाक्षी सिंह ने बताया कि क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए अलग-अलग कार्य कराए जा रहे हैं। इसी के चलते छह जुलाई को उद्यान, कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया। इसमें गांव गोविला से चिंगरावली तक, गांव कपना से मुमरेजपुर तक, गांव भूतगढ़ी से गांव फिरोजपुर तक पिसावा मार्ग, गांव हबीबपुर नहर से गांव पला तक, गांव ग्वारौली से गांव फरकना तक और गांव गोठनी से गांव भिंडौर तक निर्माण के लिए भेजा गया। इसमें चार मार्ग की मंजूरी मिल गई है।
मार्गों के निर्माण से हजारों ग्रामीणाें को लाभ मिलेगा। साथ ही साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं का रास्ता सुगम होगा। इसके लिए राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के मुख्य अभियंता ने बुलंदशहर जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया है।
-
मार्ग जिनकी मिली मंजूरी
सड़क लंबाई लागत
1. जहांगीरपुर के गांव कपना से गांव मुमरेजपुर तक 1.85 किलोमीटर 1.20 करोड़ रुपये
2. अरनिया के गांव ग्वारौली से फरकना गांव तक 2.15 किलोमीटर- 1.29 करोड़ रुपये
3. जेवर रोड से पिसावा मार्ग पर गांव भूतगढ़ी से फिरोजपुर तक- 2.10 किलोमीटर 1.28 करोड़ रुपये
4. जेवर रोड से पिसावा मार्ग पर गांव गोठनी से भिंडौर तक 1.38 किलोमीटर 1.01 करोड़ रुपये
-
Iमार्ग के निर्माण के लिए मंडी परिषद की ओर से चार संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए स्वीकृति का पत्र प्राप्त हुआ है। परिषद की ओर से यह निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इससे खुर्जा क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। - चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी बुलंदशहरI