बुलंदशहर। जनपद में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव मिर्जापुर कोतवाली देहात निवासी इमरान ने बताया कि उनके बहनोई याद मोहम्मद निवासी ककोड़ अपने साथी गुलफाम के साथ सोमवार को ककोड़ से मिर्जापुर आ रहे थे। नयागांव ख्वाजपुर में केएस जिम के सामने मिर्जापुर की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर के चालक ने गलत दिशा में वाहन लाते हुए उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। याद मोहम्मद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
वहीं, मंगलवार को सैफ अली खान (20 वर्ष) निवासी गांव चंदपुरा थाना गुलावठी ठंडी प्याऊ के पास बाइक के फिसलने से घायल हो गए। कोतवाली देहात के गांव हजरतपुर निवासी विनोद 30 वर्ष शिकारपुर रोड पर चील घर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।