बुलंदशहर। लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे बुलंदशहर डिपो के चार संविदा चालकों की सेवा समाप्त कर दी गई। एआरएम ने ड्यूटी में लापरवाही एवं स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई की है। साथ ही इन सभी की प्रतिभूति एवं समस्त देयकों की धनराशि जब्त करने का आदेश दिया है।
ये सभी चालक पिछले वर्ष से लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। इस पर निगम के अफसरों ने दो बार पत्र भेजकर जवाब मांगा गया था लेकिन चारों चालकों ने स्पष्टीकरण नहीं दिया। इस पर मंगलवार को कार्रवाई की गई। संविदा चालक सोनू कुमार, अरविंद सिंह, सचिन कुमार एवं ग्यासुद्दीन की संविदा समाप्त की गई है।
एआरएम बुलंदशहर डिपो परमानंद ने बताया कि चारों संविदा चालकों के लगातार अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की गई है। चारों चालकों की संविदा समाप्त कर एवं प्रतिभूति धनराशि जब्त कर क्षेत्रीय प्रबंधक समेत अन्य अफसरों को पत्र भेज दिया गया है। संवाद