ककोड़ क्षेत्र के वैर गांव में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सोमवार सुबह एक 70 वर्षीय वृद्ध का शव मिला है। शव पूरी तरह अकड़ा हुआ था, जिससे संभावना जताई जा रही है कि उसकी मौत ठंड से हुई है।
शव की पहचान नहीं हो सकी और पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वैर गांव के लोगों ने सोमवार सुबह शव देखा तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव की पहचान के लिए लोगों से पूछताछ की।
लोगों ने बताया कि वृद्ध पिछले काफी समय से क्षेत्र में घूम रहा था। सुबह निकल जाता था और शाम को आकर यहीं पर सो जाता था।
वह किसी से बात भी नहीं करता था और रोजाना मांगकर अपना पेट भर रहा था। एसओ ब्रमेश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने पर ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।