फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: पूर्व ग्राम प्रधान का पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव, चार घंटे हंगामा

विज्ञापन
अहमदगढ़ से मृतक मुकेश कुमार पूर्व प्रधान फाइल फोटो।
विज्ञापन
अहमदगढ़। थाना क्षेत्र के गांव बाद के जंगल में मंगलवार सुबह पूर्व ग्राम प्रधान मुकेश कुमार (56) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका आरोप है कि अज्ञात लोगों ने पहले पूर्व प्रधान को शराब पिलाई, फिर लाठी-डंडों से पीटा और उन्हीं के गमछे से फंदा लगाकर शव को पेड़ से लटका दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक हंगामा किया। एसपी देहात के आश्वासन पर लोग शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया।
विज्ञापन


गांव बाद निवासी युवक करण ने बताया कि उनके पिता मुकेश कुमार पूर्व में गांव के प्रधान थे। सोमवार देर शाम वह घर से खाना खाने के बाद खेत पर बने नलकूप पर सोने के लिए चले गए थे। सुबह अन्य परिजन जब खेत पर पहुंचे तो वहां पिता का शव नलकूप के निकट एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना पर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को शव को कब्जे में नहीं लेने दिया। उनका कहना था कि जब तक जिले के कोई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर नहीं आते, तब तक वे शव को नहीं उठाने देंगे। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोंक-झोंक भी हुई। करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा।
विज्ञापन


करीब चार घंटे बाद एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की उच्च-स्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के बेटे करन ने एसपी के सामने थाना पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि करीब 11 महीने पहले अहमदगढ़ गांव में उनके भाई नीरज उर्फ हाई की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस मामले में उनके पिता मुकेश कुमार ने गांव के ही सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन अभी तक उस केस में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों का आरोप है कि इसी केस के चलते उनके पिता की भी हत्या की गई है।

इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि करीब 11 माह पहले मुकेश कुमार के पुत्र नीरज उर्फ हाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमे में एफआर (फाइनल रिपोर्ट) लगाकर न्यायालय में पेश कर दी थी। पूर्व प्रधान के मौत का कारण पोस्टमार्टम में स्पष्ट होगा।


- पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई जाएगी। - डॉ. तेजवीर सिंह, एसपी देहात

अहमदगढ़ से मृतक मुकेश कुमार पूर्व प्रधान फाइल फोटो।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें