बुलंदशहर। पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के पुत्र सार्थक के खिलाफ अर्चना पांडा की तहरीर पर पुलिस ने देर रात ही मुकदमा दर्ज किया। वहीं, बृहस्पतिवार को पुलिस ने सार्थक का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
समाजवादी पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव और बुलंदशहर नगर पालिका का चुनाव लड़ चुकी अर्चना पांडा ने बुधवार को नगर कोतवाली में तहरीर देकर पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के पुत्र सार्थक और उसके दोस्त दीपक पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी सार्थक को हिरासत में ले लिया। बृहस्पतिवार को नगर पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी सार्थक का शांतिभंग की आशंका के तहत चालान कर दिया। बताया गया कि एफआईआर में गिरफ्तारी वाली धाराएं न होने के चलते आरोपी का शांतभंग की आशंका के तहत चालान किया गया है, जबकि, दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामले में आरोपी सार्थक का शांतिभंग की आशंका के तहत चालान कर दिया गया है। जल्द ही दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।