फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: दौलताबाद के पूर्व प्रधान की गोली मारकर की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव दौलताबाद में शुक्रवार देर रात पूर्व ग्राम प्रधान संजय चौधरी की दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से पैदल ही भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल और 315 बोर का खाली खोखा बरामद किया है। बताया गया कि देर रात पूर्व प्रधान बाइक से तहेरे भाई के साथ घर लौट रहे थे। एसएसपी समेत आला अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। आरोपी कच्छा बनियानधरी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन

गांव दौलताबाद निवासी संजय चौधरी (52) पूर्व प्रधान थे। गांव के बाहर प्राथमिक विद्यालय के बराबर में उनका मकान है। शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे पैशन प्रो बाइक से तहेरे भाई जितेंद्र चौधरी के साथ गांव से घर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक गांव के बाहरी छोर पर बने तालाब के पास पहुंची तो पहले से ही घात लगाए बैठे दो कच्छा बनियान पहने दो बदमाशों ने बाइक को रोक लिया और पूर्व प्रधान संजय चौधरी को देखते ही कनपटी से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही संजय चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर हत्या की वारदात को अंजाम देकर पैदल ही मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एएसपी रिजुल, सीओ स्याना प्रखर पांडेय समेत कई थानों की फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक पिस्टल और 315 बोर का खाली खोखा बरामद किया है। मौके पर चप्पल भी पड़ी मिली है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लेकर साक्ष्य एकत्रित किए है।

-पत्नी शिक्षक, बेटे सॉफ्टवेयर इंजीनियर-

पूर्व प्रधान संजय चौधरी की पत्नी बबीता चौधरी गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में दोनों बेटों के साथ रहती हैं। बबीता चौधरी गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक स्कूल में शिक्षक हैं जबकि बेटे शिवम चौधरी और अक्षत चौधरी सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। पूर्व प्रधान गांव में ही 85 वर्षीय मां जगवीरी देवी के पास रहते थे।
विज्ञापन



-चार दिन से गांव में देखे जा रहे बदमाश-
गांव दौलताबाद निवासी शिवम कुमार ने बताया कि उनकी गांव के बाहरी छोर पर दूध की डेरी है। पिछले चार दिन से रात में रोजाना बदमाश आ रहे है।डर की वजह से घर की छत पर तिरपाल डालकर पूरा परिवार सो रहा है। जिससे कि घर की छत से डेरी की निगरानी की जा सके।


-प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी में थे-
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व प्रधान संजय चौधरी बेहद मिलनसार व्यक्ति थे। वे इस बार ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वारदात से पहले भी वह कई घरों में बैठकर आए थे। रोजाना दस बजे के बाद ही गांव से घर पहुंचते थे। करीब बीस वर्ष तक प्रधानी उनके खानदान के लोगों ने की है। संजय चौधरी ( 2010 से 2015) तक दौलताबाद-रामगढ़ के प्रधान रहे थे।


-तमंचे से मारी थी गोली, आखिर पिस्टल कैसे हुई बरामद?
संजय चौधरी के साथ तहेरे भाई जितेंद्र साए की तरह हमेशा उनके साथ रहते थे। घटना के वक्त हत्या के चश्मदीद जितेंद्र उन्हीं के ही साथ बाइक पर मौजूद थे। बदमाशों ने केवल पूर्व प्रधान की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उनके पीछे बैठे जितेंद्र को हाथ तक नहीं लगाया। यह बात ग्रामीणों को हजम नहीं हो रही है। घटना का दूसरा पहलू गांव का ही एक अन्य व्यक्ति है। संजय चौधरी ने उसको अपनी जमीन लगान पर दे रखी है। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र के अनुसार दोनों बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में घर से करीब 400 मीटर पहले दो युवक मिले। पूर्व प्रधान ने उन्हें टोका तो एक ने तमंचे से सीधी उनमें गोली मार दी। सवाल है कि हत्या तमंचे से हुई है तो आखिर पुलिस को मौके पर पिस्टल कैसे बरामद हुई है। यह पुलिस जांच का विषय है।पुलिस ने रात में ही दोनों को हिरासत में ले लिया था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, परिजन और ग्रामीण किसी भी रंजिश से इनकार कर रहे है।

-कोट-
तहेरे भाई समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए चार टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा का दिया जाएगा।घटना में आसपास के हमलावरों के होने का अंदेशा है। - दिनेश कुमार सिंह,एसएसपी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें