जिले में पौधरोपण के लिए वन विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली हैं। पौधरोपण के लिए विभाग को अब मानसून का इंतजार है। जिले में पौधरोपण का काम जुलाई माह में शुरू होगा। वन विभाग को शासन से जिले में इस बार करीब पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इसमें से वन विभाग करीब 3.50 लाख पौध रोपित करेगा,
जबकि शेष पौधे सभी सरकारी विभाग लगाएंगे। इसके लिए सभी विभागों को पौध रोपण का लक्ष्य भी निर्धारित किया जा चुका है। वहीं दूसरी ओर विभाग की नर्सरी में छह लाख से अधिक पौधे तैयार हो चुके हैं।
विभाग की ओर से पौधरोपण की सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। अब बस मानसून का इंतजार है, ताकि पौधे रोपित किए जा सकें।
इस कार्य में सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों का भी सहयोग लिया जाएगा। वन विभाग अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए आमजन को भी विभिन्न प्रकार के पौधे उपलब्ध करवाकर रोपित करवाएगा।
डीएफओ एके सक्सेना ने बताया कि विभाग ने जिले में पौध रोपण की तैयारी पूरी कर ली है। सभी सरकारी विभागों को पौधे रोपित करने का जो लक्ष्य दिया गया है। उससे पत्र जारी कर अवगत करवा दिया है। पौधरोपण का काम जुलाई माह से शुरू होगा और अब बस मानसून आने का इंतजार है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया है कि वह पौध रोपण में अपना सहयोग दें, ताकि जिले को हरा-भरा बनाया जा सके।